राम या रावण क्या फ़र्क पड़ता है
क्या फ़र्क पड़ता है कोई भी पार्टी सत्ता संभाले..कोई भी व्यक्ति देश के सर पर बैठ जाए..करना तो सबको शासन ही है.. हमसे ही टैक्स लेकर हम पर एहसान जताना ही है..
राजशाही में जनता “प्रजा” कहलाती है, लोकशाही में वही जनता “नागरिक” कहलाने लगती है.. केवल शब्द का ही फेर है बाकी चरित्र वही है...“आग लगे बस्ती में हम अपनी मस्ती में”...!
शासन तंत्र कब चुपके से लोकतंत्र से राजतंत्र में बदलने लगता है पता भी नहीं चलता मस्ती में मस्त बेपरवाह जनता को..
चाहें राजनेता हों या धर्मनेता..आख़िर तो सबको अपनी अपनी दुकानदारी ही चलानी है..तो नए नए पैंतरे चलाते रहते हैं..
चलाएं ज़रूर चलाएं ..क्योंकि इसके अलावा बेचारे कुछ कर भी नहीं सकते..
क्योंकि मेहनत करके धीरज के साथ रोटी कपड़ा मकान कमाना अगर इनके बस की बात होती तो आखिर वो राजनेता या धर्मनेता बनते ही क्यों!?
एक आम भारतीय इंसान के तौर पर मेरा बस यही कहना है कि ये राजनीति में चाहे किसी भी दल के नेता हों और धर्म में चाहे किसी भी संप्रदाय के नेता हों , जब तक वो उनकी हदों में सीमित रहकर काम करते हों तब तक ही हम उन्हें सुनें और उनकी बातों पर थोड़ा बहुत विचार भी करें..
लेकिन जैसे ही लगे कि ये अपने अपने दायरे लांघ कर एक दूसरे के क्षेत्र में घुसते दिख रहे हैं,, फिर और आगे बढ़कर हमारे घर में, हमारे भोजन में, हमारे पहनावे रहन सहन में, हमारे संबंधों में, रीति रिवाज़ में और अंततः हमारे सोचने समझने की क्षमता में भी घुसने की कोशिशें कर रहे हैं तो मान लीजिए कि उन दोनों के ही लिए (याने राजनीति और धर्म के नेताओं के लिए) कान के, आंख के और मुंह के दरवाज़े बंद करने का समय आ गया है.
तुरंत सतर्क होकर वो समझने का समय आ गया है जैसा कि मध्ययुग के लोग कहते थे कि “हमें क्या फ़र्क पड़ता है राम राज करे या रावण राज करे”..!
इसके आगे की अनकही परंतु आज के समय में सही बात ये ही है कि क्या फ़र्क पड़ता है इस पार्टी की सरकार हो या उस पार्टी की सरकार हो, जनता के तौर पर हमें तो हमेशा ही केवल मेहनत की रोटी, इज्ज़त के कपड़े और सुकून से भरा मक़ान चाहिए...
लेकिन हां ये भी याद रखना है कि ये सब मिलेगा तभी जब हम जनता होते हुए इतना अच्छे से समझ लें कि बहुत हुआ धर्म, भोजन, कपड़ों और संप्रदायों के नाम पर आपस में बंटना और झगड़ा फसाद, नफ़रत करना.…
हम, भारत के लोग कम से कम इन चारों चीज़ों को अपने अपने घर तक सीमित रखना शुरू करें , इन्हें बाहरी चर्चा और नेताओं की उपयोगिता का विषय बनाना बंद करें ताकि सुकुन और खुशहाली से भरी ज़िंदगी ख़ुद भी जिएं और अपने जैसे ही हाड़ मांस वाले दूसरे इंसानों को भी जीने दें.

Bull’s Eye
ReplyDeleteThank you!
ReplyDelete