धर्मान्तरण का “ग्राहक” कौन !

“धर्मांतरण” को लेकर या किसी भी “धर्म विशेष को मानने वालों की बढ़ती संख्या” को लेकर डर और चिंता उस व्यक्ति में होते हैं या अधिक बड़े स्तर पर उस “व्यक्ति समूह” में होते हैं, जिन्हें “ख़ुद” पर और उनके धर्म में कही हुई बातों में “ख़ुद की आस्था’’ की मज़बूती पर विश्वास नहीं होता है....या तो फिर कुछ ऐसा भौतिक स्वार्थ होता है जो धर्म परिवर्तन से पूरा होने की आशा है... जैसे कि रोटी, कपड़ा और मकान..या फिर दुनियादारी के रिश्ते का मोह.

अलग अलग धर्म केवल अलग अलग रास्ते हैं, उस “अनजान मंज़िल ” तक पहुंचने के जो अभी तक किसी ने भी देखी तो है ही नहीं, दुनिया के हर तरह के धर्म में केवल काल्पनिक तौर पर प्रचारित की गई है..
सारे झगड़े, सारे वाद विवाद, सारे नरसंहार और सारे धर्मांतरण करवाने के कारखाने केवल उस मंजिल पर पहुंचने के लिए हैं जो एक काल्पनिक परिकथा है...
अच्छा है परीकथाएं बिक रही हैं और खरीदने वाले खरीद ही लेते हैं..

लेकिन, हंसी तब आती है जब समाज में धर्मांतरण को लेकर ऐसे डराया जाता है जैसे मूर्ख मां बाप छोटे बच्चे को ‘अंधेरे कमरे में भूत है’ बोलकर उनसे अपनी बातें मनवा लेते हैं...
अच्छी बात है, जिन्हें नासमझ बच्चे जैसे डरते रहने का शौक़ है वो जिएं डर डर कर और जिन्हें मूर्ख मां बाप की तरह लोगों को डरा डरा कर कर अपना उल्लू सीधा करने का स्वार्थ है वो भी करते रहें..जब मियां बीवी राज़ी तो क्या करेगा काज़ी!
पर ये बात अकाट्य सत्य है कि धर्मांतरण का डर दिखाने वाले और धर्मांतरण से डरने वाले दोनों ही प्रकार के लोग धर्म का अर्थ तो ख़ैर जानते ही नहीं है बल्कि स्वयं डर, संदेह और अविश्वास से भरे होते हैं ... इस बात को समझने के लिए तथ्य बड़ा ही सरल है..
उदाहरण के लिए मैं अपने घर से किसी मानी हुई मंज़िल पर पहुंचना चाहती हूं और उस तक पहुंचने के कई रास्ते हैं,,कुछ लंबे, कुछ छोटे, कुछ पथरीले और कुछ सीधे सरल.. मेरे लिए सारे रास्ते ही अनजाने हैं और वो मंज़िल भी अनजानी है, केवल सुनी सुनाई है.
 कुछ “पहले से जाने पहचाने” लोगों को देखकर और उनकी बातें सुनकर किसी एक रास्ते पर मैंने चलना शुरू किया..रास्ते के बारे में कुछ पता तो है नहीं कि बीच में कुछ खाने पीने मिलेगा कि नहीं, रास्ता कैसा है, बीच में विश्राम करने के लिए छायादार पेड़ या विश्राम घर वगैरह हैं कि नहीं...आदि आदि...बस चलना शुरू कर दिया...
चलते चलते कुछ समय बाद मुझे किसी अनजान व्यक्ति ने बताया कि अरे इस रास्ते पर तो आगे कोई व्यवस्था नहीं है, रास्ता भी बहुत कठिन है,, बहुत सारे भूल भुलैया जैसे चौक चौराहे भी हैं,,तुम ऐसा करो मेरे साथ चलो मैं तुम्हें मेरे जाने पहचाने रास्ते पर ले चलता हूं,, वहां बहुत सी सुविधाएं भी हैं,,रास्ता भी बड़ा सरल सुंदर है और बड़ी जल्दी से तुम तुम्हारी मंज़िल पर पहुंच जाओगी...
अब मेरे सामने प्रश्न ये है कि मैं क्या करूंगी !?
.. क्या उस नए व्यक्ति के बातों में आकर और उसके दिखाए सब्ज़ बाग याने काल्पनिक प्रलोभन के लालच में आकर अभी तक का तय किया हुआ रास्ता छोड़कर उसके बताए रास्ते पर चलने के लिए तैयार हो जाऊंगी और फिर, नए सिरे से दोगुनी दूरी नापनी शुरू करूंगी ?. क्योंकि पहले तो मुझे उस जगह पर वापस पहुंचना पड़ेगा ना जहां से चलना शुरू किया था याने starting point पर..और तब फिर नए रास्ते पर चलना होगा .. वो रास्ता जिस के बारे में मैं बिल्कुल ही अनजान हूं ..और बताने वाले से भी मैं अनजान हूं...
तो ऐसे में मैं क्या करूंगी !?.. 
ज़ाहिर है यदि मैं आत्मविश्वासी हूं और अपने लक्ष्य याने मानी हुई मंज़िल पर पहुंचने के बारे में पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं तो मेरा निश्चय होगा कि इसकी उसकी बातों में आकर रास्ते को बदलने में समय व्यर्थ करना मूर्खता है,, अच्छा यही है कि मैं पूरे आत्मविश्वास से अपने शुरू किए रास्ते पर ही चलती रहूं क्योंकि आखिर तो सारे ही रास्ते “एक ही अंतिम मंज़िल” पर पहुंचने के लिए बनाए गए हैं.. 
लेकिन हां, यदि मुझे कोई निजी स्वार्थ हैं, मेरी कुछ कमज़ोरियां हैं जो मुझे मेरे रास्ते में आने वाली कठिनाइयों से डरा रही हैं और दूसरे व्यक्ति के बताए हुए प्रलोभन मुझे किसी भी वजह से आकर्षित कर रहे हैं या फिर मेरा चुना हुआ जीवन साथी उस दूसरे रास्ते पर है और उसकी शर्त है कि आख़िरी मंज़िल एक है तो शर्तिया रास्ता भी एक ही लेना होगा, तो स्वाभाविक तौर पर मेरा ख़ुद के चुने रास्ते से विश्वास हिलेगा और मैं अपना रास्ता छोड़कर दूसरे की बातों के बहाव में आकर उसके रास्ते के लिए उसके पीछे चलने लगूंगी..
 सबभूल कर दूसरे रास्ते पर चल दूंगी कि इसमें मेरा समय और ऊर्जा तो व्यर्थ होगी. 
साथ ही साथ चूंकि वो नया रास्ता किसी अनजान व्यक्ति ने बताया है तो उस पर मुझे हर समय संदेह भरा डर भी लगता रहेगा...
तो ये क्या कहलाएगा !? ये कहलाएगा “मेरा डर मेरे रास्ते के चुनाव के प्रति” और मेरे अंदर आत्म विश्वास में कमी मेरे अपने “रास्ते में आने वाली चुनौतियों के प्रति”.. क्योंकि ये जानते हुए भी कि वो अनजानी मंज़िल जिस तरफ़ धर्म रूपी सारे रास्ते जा रहे हैं, सभी चलने वालों के लिए केवल सुनीसुनाई बात है मैंने अपना रास्ता बदला किसी अनजान के कहने पर.

 परंतु मैं कभी धर्मान्तरण की ग्राहक नहीं बनूंगी अगर मुझे एहसास है कि “मैं” ख़ुद जो चल रही हूं, वो “मैं” सुनी सुनाई बात नहीं है.. उस “मैं” की मंज़िल पर पहुंचने के लिए बाहर के किसी भी धर्म के रास्ते की भी या धर्मांतरण की भी ज़रूरत नहीं है.. क्योंकि वो “मैं” ही मंज़िल है, वो “मैं” ही मंज़िल का राही.

जिसमें इस तरह का आत्म विश्वास हो उसे डर किस बात का कि कोई डरा धमका के या लालच दिखा के धर्मांतरण करा लेगा या किसी “धर्म विशेष” के आसपास रहने से मैं मेरा धर्म बदल दूंगी/दूंगा.. !!

जागरूक रहें समझदार बनें ⚠️






Comments

Popular posts from this blog

मेरा धर्म मेरी निजता

राम या रावण क्या फ़र्क पड़ता है