मेरा धर्म मेरी निजता
इसी के कारण धर्म से जुड़ी हर तरह की निरर्थक घटनाएं देश में होती आई हैं और होती रहती हैं.
हम पूरी स्वतंत्रता से अपने धर्म का पालन करें, किंतु किसी भी धर्म के अनुयाई को धर्म के ‘प्रचार प्रसार’ की अनुमति नहीं होनी चाहिए.
Religion/ धर्म (उपासना /आस्था/मज़हब) एक निजी मामला है और इसे “अपने अपने घर की चौखट” तक सीमित ही रखना चाहिए.
कभी कभी लगता है कि, जैसे ये “सुविधा” संविधान निर्माताओं ने किसी दबाव के चलते दी होगी. वह दबाव जिसे भारतीय राजनीति में “तुष्टिकरण” के नाम से जाना जाता है और तंज़ के रूप में उलाहना देने के लिए अपने विरोधी पक्ष पर इस्तेमाल किया जाता है.
अन्यथा, जैसा कि हम जानते हैं कि, हमारे संविधान निर्माता प्रगतिवादी सोच के थे और आज़ाद भारत को एक आधुनिक सोच के साथ आगे ले जाना चाहते थे, तो क्यों भला वो धर्म जैसी अतिविवादित और संकीर्ण माने जाने वाली संस्था के प्रचार प्रसार की व्यवस्था संविधान में रखते !?
आज़ादी के समय जिस तरह की परिस्थितियां रही होंगी और जितने तरह की समस्याएं सिर उठाए जड़ें पसारे हुए खड़ी होंगी उसका “थोड़ा बहुत” ही अंदाज़ हमें उस समय के साहित्य को पढ़कर हो पाता है. लेखनी कभी भी वास्तविकता का पूरा चित्रण नहीं कर सकती.
आज 75 साल बाद के स्वतंत्र भारत में भी शायद ही किसी राजनैतिक दल या नेता की हिम्मत हो सके ये कहने भर की, कि संविधान में से “ धर्म के प्रचार प्रसार की स्वतंत्रता” वाले अनुच्छेद को निकालना चाहिए.
वैसे मेरी समझ से धर्म से जुड़े विवादों और इसके राजनीतिक प्रयोग के लिए भी वास्तव में हम ख़ुद ही ज़िम्मेदार हैं.भले ही हम बड़ी ही आसानी से अपने नेताओं को और राजनैतिक दलों को धर्म और संप्रदाय के नाम पर राजनीति करने का आरोपी बताते रहते हैं और ख़ुद को बेचारे और भोलेभाले बनाकर हीनता भरी संतुष्टि महसूस करते रहते हैं.
ध्यान से सोचें तो, क्या हम ख़ुद इस बात की हिम्मत कर सकते हैं, कि, अपने अपने धर्म, आस्था और उपासना पद्धतियों को अपना नितांत निजी विषय बना कर रखें..!?
क्या हम इस बात की हिम्मत कर सकते हैं कि घर में अपने बच्चों को भी ये समझाएं कि हम किसी भी धर्म को मानते हों परंतु घर के बाहर हमारा एक की धर्म है और वो है भारतीयता..!?
क्या हम इस बात की हिम्मत कर सकते हैं कि अपनी धार्मिक मान्यताओं को घर की चौखट तक सीमित रख कर ये समझें कि व्यक्ति किसी भी धार्मिक मान्यता का हो लेकिन आधारभूत शिक्षा, स्वास्थ्य और भोजन हर व्यक्ति की एक सी ज़रूरत है..!?
क्या हम इस बात की हिम्मत कर सकते हैं कि सुखी जीवन जीने के लिए अंततः शुद्ध हवा, शुद्ध पानी और अमन चैन का वातावरण चाहिए..!?
शायद आज भी हम,भारत के लोग इस बात की हिम्मत कर ही नहीं सकते कि अपने व्यक्तिगत धर्म की संकुचित सोच से ऊपर उठकर मनुष्य धर्म की व्यापक सोच में दाख़िल होने की कोशिश भी कर सकें.
हम इसी में खुश होते रहते हैं कि मेरे धर्म के मानने वाले इतने हज़ार बढ़ गए या अमुक अमुक व्यक्ति मेरे धर्म को मानने लगा.
आज भी धर्म के नाम पर कोरा अहंकार पालना और उसका प्रदर्शन करना ही हमारा धर्म के प्रति आस्थावान होने का अर्थ बना हुआ है.
हमारी इस मूर्खता का फ़ायदा यदि नेता उठाता है तो ये गलती किसकी है ... हमारी या उस नेता की जिसकी दुकानदारी ही हमारी मूर्खता के भरोसे चल रही है ...!?
जागरूक रहें समझदार बनें ⚠️
[Disclaimer: ये लेख केवल जनसामान्य में जागरूक चिंतन के लिए है. इन विचारों का किसी भी तरह से राजनैतिक अर्थ निकालना और दुष्प्रचार के लिए उपग करना पाठक की निजी मानसिकता का प्रदर्शन होगा.]
Comments
Post a Comment